किसान ऐप बना ठगी का जरिया, टोकन बुक करते ही खाते से उड़े 50 हजार साइबर ठगों ने 10-10 हजार की 5 किस्तों में निकाली रकम, पीड़ित ने थाने और बैंक में की शिकायत
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। किसान ऐप पर खाद के लिए टोकन बुक करना एक किसान को भारी पड़ गया। टोकन बुक करते ही मोबाइल हैंग हो गया और देखते ही देखते किसान के खाते से 50 हजार रुपये उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी किसान माखनलाल राजपूत पिता मोहन राजपूत निवासी देवल मोहल्ला सिवनी मालवा ने सोमवार को किसान ऐप के माध्यम से खाद के लिए टोकन बुक करने का प्रयास किया। टोकन बुक करने के दौरान ही उनका मोबाइल हैंग हो गया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने लगे।
साइबर ठगों ने 10-10 हजार रुपये कर कुल 50 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए।पीड़ित किसान ने बताया कि उनका खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। घटना के बाद उन्होंने तत्काल साइबर सेल हेल्पलाइन 1930 पर और बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई है। साइबर टीम द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने किसानों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड न करें और टोकन बुक करते समय सतर्क रहें।एडव्होकेट दीपक बाथव ने बताया कि किसानों के पैसे उड़ाना गलत है किसान भाई किसी भी तरह के एप डाउन लोड न करें सतर्क रहे। पुलिस ने बताया कि शिकायत आई है मामले की जांच की जाएगी।

