हरदा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार ने अब प्रत्येक पात्र किसान से उसकी मूंग उपज का 25 प्रतिशत के स्थान पर 60 प्रतिशत उपार्जन तथा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्लॉट बुकिंग की अवधि भी 10 दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब किसान 30 जुलाई के स्थान पर 10 अगस्त तक स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे। इसी प्रकार उपार्जन की अंतिम तिथि भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त की जा रही है।
शासन के निर्णय को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मूंग उपार्जन कार्य की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मूंग उपार्जन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
साथ ही उपार्जन कार्य को सुगम बनाने के लिए आवश्यकता अनुसार नए उपार्जन केंद्र बढ़ाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद समय पर और पर्याप्त मात्रा में मिले। बैठक में उप संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर, सहायक आयुक्त सहकारिता के.के. शिव, जिला विपणन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

