हरदा : शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, हरदा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए गुरूवार को प्रेरण कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय उद्यमिता विकास सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अभय जैन एवं सचिव राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास, स्वरोजगार के अवसरों तथा शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अभिरुचि सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं कौशल विकास के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों से निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने भविष्य में भी हरदा के उद्योगपतियों एवं सफल उद्यमियों के साथ ऐसे प्रेरणादायक संवाद नियमित रूप से आयोजित करने का आग्रह किया। सेमिनार में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

