हरदा। ग्राम डगांवनीमा निवासी प्रवीण हुरमाले, पिता खेराम, दोनों पैरों से पूर्ण रूप से दिव्यांग हैं। आवागमन में परेशानी के चलते उन्होंने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर यूडीआईडी कार्ड के नवीनीकरण एवं दिव्यांग ट्राईसाइकिल/व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन में प्रवीण ने बताया कि दिव्यांगता के कारण वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं और दैनिक कार्यों तथा आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर रहते हैं। उनका यूडीआईडी कार्ड नवीनीकरण की समस्या के चलते शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित कार्यालयों में कई बार आवेदन करने के बावजूद अभी तक उन्हें दिव्यांग ट्राईसाइकिल अथवा व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके कारण उनका आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
प्रवीण ने कलेक्टर से यूडीआईडी कार्ड का शीघ्र नवीनीकरण कराने और आवागमन के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की है।

