मकडा़ई एक्सप्रेस 24 हरदा । जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कल बुधवार को बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस कार्य के चलते कई गांवों में 5 घंटे तक बिजली गुल रहेगी।
33 केवी केंद्र से जुड़े दो उपकेंद्रों पर होगा काम
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार बुधवार को 33 केवी मुहालकलां केंद्र से जुड़े कुकरावद और खामापड़वा उपकेंद्रों पर 11 केवी फीडरों और लाइनों का मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके चलते इन दोनों उपकेंद्रों से जुड़ी लाइनों को बंद रखा जाएगा।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक कटौती
जानकारी के अनुसार मेंटेनेंस के कारण सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। यानी लगभग 5 घंटे तक बिजली प्रभावित रहेगी। इस दौरान कुकरावद और खामापड़वा उपकेंद्रों से जुड़े सभी गांवों में बिजली नहीं रहेगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मेंटेनेंस अवधि के दौरान सहयोग करें और जरूरी काम समय से पहले निपटा लें।

