हरदा। खंडवा-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे के पोखरनी से हरदा के बीच बदहाल सड़क को लेकर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने 27 और 28 सितंबर को पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। विधायक के अनुसार पदयात्रा का उद्देश्य सड़क की समस्या को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और लंबित मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग करना है।
पदयात्रा 27 सितंबर को सुबह 10 बजे छीपाबड़ स्थित अंबेडकर चौक से शुरू होगी। विधायक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ बदहाल सड़क मार्ग से होते हुए पदयात्रा करेंगे। इसका समापन 28 सितंबर को हरदा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर किया जाएगा।
71 किलोमीटर सड़क के मरम्मत कार्य पर सवाल
विधायक डॉ. दोगने ने बताया कि करीब 12 करोड़ रुपए की लागत से 71 किलोमीटर सड़क के मरम्मत कार्य को मार्च-अप्रैल में स्वीकृति मिली थी। उनके अनुसार आशापुर से पोखरनी तक सड़क का कार्य किया जा चुका है, लेकिन पोखरनी से हरदा के बीच का हिस्सा अब भी बदहाल है।
उन्होंने कहा कि इस सड़क से प्रतिदिन आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक के अनुसार उन्होंने पत्र और आंदोलन के माध्यम से संबंधित विभाग तथा जिला प्रशासन को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक लंबित हिस्से का काम शुरू नहीं हुआ है।
विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़क का मरम्मत कार्य स्वीकृत हो चुका है और आशापुर से पोखरनी तक कार्य किया जा चुका है, तो पोखरनी से हरदा के बीच का काम अब तक क्यों नहीं हुआ, इसका जवाब शासन-प्रशासन को जनता के सामने देना चाहिए।
कमल पटेल के भूमि पूजन को लेकर विधायक ने उठाए सवाल
विधायक डॉ. दोगने ने पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल द्वारा हरदा से आशापुर सड़क मार्ग के कथित भूमि पूजन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि—
क्या यह भूमि पूजन शासकीय कार्यक्रम था? यदि हां, तो किस विभाग ने इसकी अनुमति दी थी?
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने किस अधिकार के तहत सड़क मरम्मत कार्य का भूमि पूजन किया?
शासकीय कार्यों के भूमि पूजन का अधिकार पूर्व मंत्री को किस संविधान अथवा प्रोटोकॉल के तहत प्राप्त है?
क्या मरम्मत अथवा निर्माणाधीन कार्यों का भी भूमि पूजन किया जा सकता है?
विधायक ने पूर्व मंत्री कमल पटेल के कार्यकाल और विकास कार्यों को लेकर भी राजनीतिक आरोप लगाए तथा कहा कि उन्हें विकास कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति से बचना चाहिए।
जनता की समस्या को लेकर पदयात्रा
डॉ. दोगने ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य किसी व्यक्तिगत राजनीतिक स्वार्थ के बजाय पोखरनी से हरदा के बीच सड़क से परेशान जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ प्रशासन से मांग की जाएगी कि सड़क के लंबित हिस्से का कार्य जल्द शुरू किया जाए तथा सड़क की गुणवत्ता और कार्य की समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी जनता के सामने रखी जाए।

