जबलपुर। जबलपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या एक हजार से ऊपर जा पहुंची है। शनिवार रात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ नेता योग्रेंद्र सिंह(योगी जी) का निधन कोरोना वायरस की वजह से हो गया। जानकारी के मुताबिक शनिवार को उन्हें इलाज के लिए जबलपुर से भोपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन भोपाल से 25 किमी पहले ही उनका निधन हो गया। वह विगत कुछ दिनों से कोरोना वायरस से पीड़ित थे। केशव कुटी में हुए टेस्टों में उनका सैंपल भी लिया गया था जो बाद में पॉजिटिव आया था। योगेंद्र सिंह की हालत लगातार खराब हो रही थी इसके चलते उन्हें भोपाल भेजा गया था। इससे पहले जबलपुर के सिटी हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था।
जबलपुर में रविवार सुबह 6 और कोरोना पॉजिटिव मिले
जबलपुर में सुबह 6 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमित मिले इन व्यक्तियों में हनुमान मंदिर के पास चंपानगर मानेगांव निवासी 60 वर्षीय पुरुष और 22 वर्षीय युवक, भालदारपुरा सराफा वार्ड निवासी 49 वर्षीय पुरुष, टाइप-1 ईस्टलैंड खमरिया निवासी ओएफके में कार्यरत 27 वर्षीय पुरूष, प्रभु कृपा हरसिंग कॉलोनी निवासी इंडियन कॉफी हाउस तीन पत्ती चौक का मैनेजर उम्र 37 वर्ष तथा पुलिस लाइन कांचघर निवासी दमोह नाका स्थित निजी अस्पताल की स्टॉफ नर्स उम्र 26 साल शामिल हैं।

