मकड़ाई समाचार हरदा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर पूरे सप्ताह 1 से 7 नवबंर तक पूरे प्रदेश में ‘स्थापना दिवस महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवबंर को भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान अपरान्ह 3 बजे लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के तहत लगभग 1437 बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि दिए जाने वाली पहली किश्त 12,500 रूपये का वितरण करेंगे।
‘लाड़ली लक्ष्मी वाटिका’ व लाड़ली लक्ष्मी पथ का लोकार्पण होगा
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित लाड़ली उत्सव के तहत 2 नवम्बर को पूरे प्रदेश में ‘लाड़ली लक्ष्मी वाटिका’ और ‘लाड़ली लक्ष्मी पथ’ का लोकार्पण प्रत्येक जिले में किया जायेगा। लाड़ली लक्ष्मी वाटिका का उपयोग लाड़ली बालिकाओं के जन्मोत्सव अथवा उनसे संबंधित अन्य कार्यक्रमों में भी किया जा सकेगा। वाटिका में ‘लाड़ली लक्ष्मी वाटिका’ अंकित करते हुए पट्टिका के साथ लाड़ली लक्ष्मी का लोगो भी लगाया जायेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग संजय त्रिपाठी ने बताया कि हरदा शहर में लाडली लक्ष्मी पथ के रूप में पोस्ट ऑफिस से नगरपालिका के बीच के मार्ग को चयनित किया गया है । इसी तरह लाडली लक्ष्मी वाटिका के रूप में हंडिया रोड पर सिविल लाइन स्थित वाटिका को चुना गया है।

