सिंचाई जल से संबंधित शिकायतों का तत्परता से हो निराकरण
जनसुनवाई के आवेदनों का समय-सीमा में करें निराकरण – कलेक्टर कुमार सत्यम
हरदा, : कलेक्टर कुमार सत्यम ने सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में हरदा-खिरकिया मार्ग की मरम्मत का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को स्वीकृत सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सिंचाई के सीजन में सिंचाई जल की उपलब्धता एवं वितरण से संबंधित प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों को कर वसूली में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में वनमंडल अधिकारी ज्योति मुड़िया, अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान एवं पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

