हंडिया : लापरवाही अनदेखी: ग्राम पंचायत के 100 मीटर की दूरी पर 3 दिन से मृत अवस्था में पड़ा कुत्ता, बदबू से स्कूल के बच्चे और राहगीर परेशान!
हंडिया।ग्राम पंचायत हंडिया के परिसर के बिल्कुल किनारे और पीएम श्री स्कूल के सामने पिछले 2–3 दिनों से एक मरा हुआ कुत्ता पड़ा होने से पूरे इलाके में हालात बदतर हो गए हैं। शव वहीं पड़े रहने से तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इतने दिनों से स्थिति जस की तस बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार ने शव को हटवाने की पहल नहीं की है। इसके चलते क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्कूली बच्चे, शिक्षक और ग्रामीण रोज इसी बदबू के बीच आने-जाने को मजबूर हैं, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत परिसर के पास ऐसी स्थिति होना स्वच्छता व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।
पीएम श्री स्कूल के शिक्षक सेवजी कनेश ने कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि
“अगर पंचायत के सामने ही दो–तीन दिन तक यह हाल है, तो पूरे गांव की स्वच्छता व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।”
वहीं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े स्वतंत्र जी ने भी स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि बदबू इतनी अधिक है कि रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई से दूर हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से मृत पशु को हटाकर क्षेत्र की सफाई कराई जाए, ताकि संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका को रोका जा सके।
फिलहाल यह पूरा मामला पंचायत की कार्यशैली और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

