हंडिया। सिनर्जी संस्थान के अंतर्गत संचालित युवालय कार्यक्रम के तहत हंडिया सहित जिले के पाँच युवा संसाधन केंद्रों पर नवपंजीकृत युवाओं के लिए आरंभिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के 35 गांवों और बस्तियों से आए लगभग 250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण में युवाओं को नेतृत्व विकास, संविधान के मूल्यों, टीमवर्क और युवालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। “मेरी पसंद–मेरा युवालय” गतिविधि के माध्यम से युवाओं ने भेदभाव रहित, सुरक्षित और समान अवसर वाले युवालय की अपनी कल्पना साझा की।
कार्यक्रम में निःशुल्क पुस्तकालय, वाई-फाई, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, खेल-संगीत सामग्री तथा शिक्षा, रोजगार, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई। अंत में युवाओं ने अपने सपनों को साकार करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

