News Highlights
– गांधी मैदान टीओपी पर प्रदर्शन के दौरान सुतली बम फेंका गया
– एग्जिबिशन रोड पर पुलिस की 2 गाड़ियां पलटीं
– डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
– घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं
– पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर कर रही जांच
मकडा़ई एक्सप्रेस24 पटना। बिहार बंद के दौरान शनिवार को पटना के गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक के पास छात्र प्रदर्शन के बीच सुतली बम फेंके जाने से अफरातफरी मच गई।
घटना गांधी मैदान ट्रैफिक टीओपी के पास हुई। तेज धमाके की आवाज के बाद प्रदर्शनकारी और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
तोड़फोड़ और लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारियों ने टीओपी के पास एक बाइक में तोड़फोड़ की, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। एग्जिबिशन रोड पर दो पुलिस वाहनों को भी पलट दिया गया।
स्थिति बिगड़ने पर डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, CCTV से कर रही पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बम फेंकने वाले की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होगी।
कारगिल चौक पर भारी पुलिस बल तैनात
धमाके के बाद गांधी मैदान और कारगिल चौक के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे क्षेत्र में गश्त कर रही है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि छात्र किन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और बम फेंकने के पीछे कौन शामिल है, इसकी जांच जारी है।

