हंडिया : निःशुल्क आयुष्मान जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीज, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं!
हंडिया। ग्राम पंचायत हंडिया में रविवार को मिलेनियम हॉस्पिटल भोपाल द्वारा निःशुल्क आयुष्मान जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा आयुष्मान भारत योजना की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। घुटनों के दर्द सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मिलने वाली उपचार सुविधाओं की जानकारी दी गई। कई लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं उसके लाभों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया। साथ ही आने वाले मरीजों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था भी की गई तथा जरूरतमंद मरीजों के अस्पताल तक लाने और वापस छोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
आयोजन समिति से जुड़े अक्षत तिवारी ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा आयुष्मान भारत योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि पात्र परिवार सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
स्थानीय लोगों ने शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता बताई। आयोजन के सफल संचालन में मिलेनियम हॉस्पिटल की टीम, चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

