महाराष्ट्र-गुजरात में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.3 तीव्रता, लोग घरों से बाहर निकले नासिक, सूरत और वापी में महसूस हुए झटके
महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई। झटके नासिक, सूरत, वापी और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नासिक से करीब 47 किलोमीटर दूर भनवड़ गांव के पास बताया गया है। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। झटके लगते ही लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
नासिक के 5 तालुकों में हिली धरती*
नासिक शहर के साथ-साथ जिले के दिंडोरी, निफाड, पेठ, सुरगाणा और इगतपुरी तालुका में भी कंपन महसूस किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेठ और सुरगाणा में इससे पहले भी 3 बार हल्के झटके आ चुके हैं। लेकिन इस बार के झटके अपेक्षाकृत तेज थे, जिसकी वजह से लोगों में डर का माहौल बन गया।
बारिश बना कारण? वैज्ञानिकों ने बताई हाइड्रो-सिस्मिक वजह
NCS के वैज्ञानिक डॉ. अजय प्रताप सिंह के मुताबिक, नासिक में आए झटके हाइड्रो-सिस्मिक गतिविधि से जुड़े हो सकते हैं। जुलाई में नासिक में हुई भारी बारिश के कारण पानी जमीन के नीचे बेसाल्ट चट्टानों की दरारों तक पहुंच गया था। इससे भूमिगत फ्लूइड प्रेशर बढ़ गया और डेक्कन पठार के नीचे मौजूद पुराने फॉल्ट में हलचल हुई। इसी कारण क्षेत्र में कम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए जा रहे हैं।
गुजरात के डांग जिले में भी डोली जमीन
गुजरात में भी रात करीब 10:02 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। डांग जिले के सापुतारा, आहवा, साकरपाताल और गलकुंड इलाकों में धरती हिलने की सूचना मिली। यहां भी लोग अपने घरों से बाहर आ गए थे।
प्रशासन अलर्ट, अभी राहत
फिलहाल किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और आपदा से जुड़ी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है।

