इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवक के लिए पुलिस फरिश्ता बनकर आई. तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित पंचम की फेल क्षेत्र में एक युवक तनाव और पारिवारिक विवाद के चलते खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तुकोगंज थाना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने उसकी जिंदगी बचा ली। सूचना मिलते ही बीट जंजीरवाला के जवान मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की जमकर सराहना हो रही है।
काफी समय से पारिवारिक विवाद के कारण तनाव में था
जानकारी के मुताबिक सोनू (लगभग 26-27 वर्ष) पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव में था। पत्नी के अलग हो जाने से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसने नशे की हालत में खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। आसपास के लोगों ने स्थिति भांपकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीट जंजीरवाला में तैनात प्रधान आरक्षक निर्मल बघेल और आरक्षक मालवीय बिना देर किए मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने समझदारी और धैर्य से काम लेते हुए युवक को शांत कराया और सुरक्षित किया। साथ ही परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग करवाई गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर पुलिस कुछ मिनट भी देर करती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जवानों की तत्परता से एक परिवार उजड़ने से बच गया।
मानसिक तनाव में है युवक
तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव के मुताबिक हमारी टीम ने तुरंत रिस्पॉन्स दिया. युवक मानसिक तनाव में था, उसे समझाइश देकर परिवार के सुपुर्द किया गया है। पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

